Salman Khurshid Supriya Shrinet in Agra

Salman Khurshid Supriya Shrinet in Agraवर्तमान में देश / प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है, जबकि मोदी / योगी सरकार इस मुद्दे पर झूठ के अलावा कुछ नहीं बोल रही है। इस झूठ का जवाब उत्तर प्रदेश की जनता सन 2022 के विधानसभा में देगी। यह कहना था पूर्व केंद्रीय मंत्री  सलमान खुर्शीद का।

खुर्शीद आगरा में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत के साथ कांग्रेस के घोषणा पत्र संवाद कार्यक्रम में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ बैठक करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।

एक प्रश्न के उत्तर में सलमान खुर्शीद ने बताया कि 2022 का चुनाव कांग्रेस पार्टी श्रीमती प्रियंका गाँधी के नेतृत्व में लड़ेगी तथा कांग्रेस पार्टी किसी भी राजनीतिक दल से समझौता नहीं करेगी। अब हम अपने ही दम पर सभी 403 सीटों पर चुनावी मैदान में उतरेंगे और इसके लिए हर जिले में जाकर वहां के मुद्दों को लेकर ही घोषणा पत्र बनाया जायेगा।

खुर्शीद ने बताया कि इस बार का विधानसभा का चुनाव पूरी मजबूती के साथ कांग्रेस पार्टी लड़ेगी। किसानों के सम्बन्ध में खुर्शीद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस प्रारम्भ से ही इन कृषि कानूनों के खिलाफ और किसानों के पूर्ण समर्थन में है। आजकल कांग्रेस पार्टी जनता के बीच जाकर उन्हें जोड़ने का काम करने में लगी है। यही वजह है कि हम उत्तर प्रदेश में सही समय पर सक्रिय हुए हैं।

Salman Khurshid Supriya Shrinet in Agra

अफ़ग़ानिस्तान के प्रकरण पर बोलते हुए खुर्शीद ने कहा कि भाजपा ने रातों – रात काबुल को हाथ से निकल जाने दिया।

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत का कहना था कि प्रियंका गाँधी उत्तर प्रदेश की जनता के बीच जाकर समस्याएं सुन रही हैं क्योंकि कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में इन मुद्दों को जगह देगी। उन्होंने कहा कि हमने अयोध्या, झांसी, गोरखपुर आदि जैसे अन्य जिलों का दौरा किया है और आगरा में तोरा गांव के निवासियों के साथ बातचीत की है। लोगों ने विधवाओं और बुजुर्गों के लिए पेंशन जैसे कई मुद्दों की शिकायत की।

कांग्रेस के स्थानीय नेता राजकुमार नागरथ ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के आगरा आगमन पर स्वागत करने के बाद कहा कि कांग्रेस की एक ऐसी पार्टी है जो देश – प्रदेश की गरीबी और बेरोजगारी एवं भ्रष्टाचार दूर करने की क्षमता रखती है। वर्तमान सरकार ने किसानों को आज पूरी तरह सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया है। पेट्रोल – डीजल और रसोई गैस के दाम आज आसमान छू रहे हैं, जनता बुरी तरह दुखी है, महिलाओं पर हो रहे अत्याचार रुक नहीं रहे हैं। गरीबों की बदहाली के लिए भाजपा ही जिम्मेदार है क्योंकि यह पार्टी गरीबी हटाओ में नहीं, बल्कि गरीब हटाओ पर विश्वास करती है।

S Qureshi